
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से 14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (UPHC) को पॉलीक्लीनिक के रूप में अपग्रेड किया गया है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने इन पॉलीक्लीनिकों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस पहल से मरीजों को अब अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल सकेंगी और सामान्य से लेकर कई जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। प्रत्येक पॉलीक्लीनिक में स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, जनरल फिजिशियन, नेत्र रोग, अस्थि रोग, त्वचा रोग, ईएनटी और मनोचिकित्सा सहित आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, मिनी पैथोलॉजी लैब, 63 प्रकार की जांच सुविधाएं और 195 प्रकार की आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग का दावा है कि प्रत्येक पॉलीक्लीनिक प्रतिदिन लगभग 500 ओपीडी मरीजों को सेवाएं देने में सक्षम होगा। विशेषज्ञ चिकित्सक निर्धारित रोस्टर के अनुसार सप्ताह में दो दिन सेवाएं देंगे तथा जरूरत पड़ने पर टेलीमेडिसिन सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस योजना से जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर बढ़ते मरीजों का दबाव कम होने के साथ-साथ लोगों का समय और इलाज पर होने वाला खर्च भी बचेगा।