
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। गौरीगंज से समाजवादी पार्टी के विधायक रहे राकेश प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। शुक्रवार को डाक बंगले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को गौरीगंज स्थित अपने आवास पर कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा की सदस्यता लेंगे। उनके साथ विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भी भाजपा में शामिल होने की बात कही गई है।राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि परिवार और मित्रों से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने की बात कही। उनके अनुसार, भाजपा सनातन संस्कृति को मजबूत करने का काम कर रही है।पिछले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद राकेश प्रताप सिंह की सपा नेतृत्व से दूरी बढ़ गई थी। सपा से निष्कासन के बाद उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग से अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराए। पिछले लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का सहयोग किया था।राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना उनका उद्देश्य है। 14 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम के जरिए उनके भाजपा में शामिल होने से अमेठी की राजनीति में नई हलचल होने की संभावना है।