
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर रविंद्रनगर धूस। बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से संयुक्त जिला चिकित्सालय, रविंद्रनगर धूस के सभागार में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस दौरान 11 नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भुवन ने की। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी गौंड, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव और डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं को बेबी किट, मिष्ठान और टेडी बियर भेंट किए गए, जबकि उनकी माताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली माताओं में गुड़िया, निक्की, नजमा, सुनीता देवी, निशा, अनीता, अर्चना, सुनैना, गुलशन, शीला और आफरीन खातून शामिल रहीं। सभी को बेटी के जन्म पर बधाई देते हुए उनके बेहतर पालन-पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।इस दौरान डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र परिवार इन योजनाओं के माध्यम से सरकारी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।वहीं, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 के उपयोग की जानकारी दी।अमन मिश्रा ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के पंपलेट वितरित किए और पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही अन्य जरूरतमंद परिवारों को भी जागरूक करने की अपील की।समापन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भुवन ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके जन्म पर खुशी मनाने के साथ ही शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना भी सभी की जिम्मेदारी है। बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, तभी समाज का वास्तविक विकास संभव होगा।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह और वंदना कुशवाहा, स्टाफ नर्स राजेश्वरी सहित लाभार्थी महिलाएं और उनके परिजन उपस्थित रहे।