
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले को जल्द ही 100 बेड का नया जिला अस्पताल मिलने जा रहा है। शासन ने अस्पताल निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह अस्पताल करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से 7 एकड़ से अधिक भूमि पर बनाया जाएगा। मौजूदा जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित होने के बाद लंबे समय से नए जिला अस्पताल की मांग की जा रही थी।अधीक्षण अभियंता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ रवि कुमार ने निदेशक चिकित्सा उपचार, संबंधित जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र जारी कर अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शासन ने भूमि का विवरण, साइट प्लान, खसरा और खतौनी सहित सभी जरूरी अभिलेख स्वीकृत कराकर भेजने को कहा है।निर्देश मिलने के बाद गोंडा जिला प्रशासन ने अस्पताल के लिए उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही भूमि चिन्हित कर विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, जिससे निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।नया जिला अस्पताल बनने से जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गोंडा मेडिकल कॉलेज पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को अलग से सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि शासन से पत्र प्राप्त हो चुका है और सभी के लिए सुविधाजनक स्थान की तलाश की जा रही है।