
PARDARSHI VIKASH NEWS यूपी-112 में तैनात एक सिपाही को युवती से फोन पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।वायरल ऑडियो में सिपाही एक युवती पर उसकी मां से बात कराने का दबाव बनाता सुनाई दे रहा है। युवती द्वारा देर रात होने का हवाला देते हुए सुबह बात कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन सिपाही ने उसकी बात मानने के बजाय कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ऑडियो में गाली-गलौज के साथ युवती के आचरण पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।मामला सामने आने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने इसकी जांच कराई। प्रारंभिक जांच में वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज यूपी-112 में तैनात सिपाही राजेंद्र सिंह की होने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपे जाने के बाद तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर दिया गया।एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अनुशासनहीनता और जनता के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।