
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। बेला थाना क्षेत्र के ग्राम दलपपुर में वन विभाग की जमीन पर गड्ढे में दफन मिली युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पिता चंद्रप्रकाश उर्फ भगवान दीन और रिश्तेदार दीपक उर्फ दीपांशु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और फावड़ा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को दलपपुर मोड़ के पास बबूल के पेड़ों के बीच युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के आधार पर मृतका की पहचान कन्नौज निवासी रजत कुमार ने अपनी बहन के रूप में की।पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि युवती के बिना बताए घर से चले जाने को लेकर उसका पिता नाराज था। इसी नाराजगी में उसने दीपक के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने 9 सितंबर को युवती की गला दबाकर हत्या की और शव को गड्ढा खोदकर छिपा दिया।पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को कैथावा मोड़ पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।