
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र के मुडैनारूपशाह गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के दलापुरा-अमोलर गांव निवासी 25 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है। वह ढोलक वादक था और भागवत कथा समेत धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेता था।ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय भूरे बाबा देवस्थान के पास आम के पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी और अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवाया।पुलिस को मौके से एक कीपैड मोबाइल और सेंट की शीशी बरामद हुई। युवक के दाहिने हाथ पर बने “विपिन” नाम के टैटू से उसकी पहचान की गई। मोबाइल के जरिए पुलिस ने उसके भाई वीरेश से संपर्क कर शिनाख्त कराई।परिजनों के अनुसार, विपिन रविवार को किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह अविवाहित था और अपनी मां प्रेमवती के साथ रहता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।