news-details

युवाओं में तेजी से बढ़ रहे हाई ब्लड प्रेशर के मामले, स्वास्थ्य विभाग चिंतित

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS जिले में युवाओं के बीच हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए गए विशेष स्क्रीनिंग अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं में हाइपरटेंशन के लक्षण पाए गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक तनाव, खराब खानपान, अनियमित दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसकी मुख्य वजह बन रही है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 11.37 लाख लोगों में 1 अप्रैल से 16 मई तक जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 79,449 लोगों की स्क्रीनिंग हुई। इनमें 4,439 लोगों में हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण मिले, जबकि 2,304 लोगों की विस्तृत जांच में 1,206 मरीजों में हाइपरटेंशन की पुष्टि हुई। इनमें से 1,177 मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक रामप्रकाश पटेल ने बताया कि एएनएम और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की टीमें गांव-गांव जाकर जांच कर रही हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि अनियंत्रित ब्लड प्रेशर से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी फेल जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।