
खड्डा, कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र खड्डा के सरस्वती देवी महाविद्यालय में सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जनसेवक पवन दूबे के नेतृत्व में ‘युवाओं के सपनों का खड्डा’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नेबुआ नौरंगिया और खड्डा विकास खंड क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। पुष्प वर्षा कर युवाओं का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में गायक मनोज मधुर और पवनराज की जोशीली प्रस्तुतियों ने युवाओं में उत्साह भर दिया। इस दौरान क्षेत्र के विकास मॉडल पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।युवाओं को संबोधित करते हुए पवन दूबे ने कहा कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र का विकास मॉडल कैसा हो, इस पर युवाओं को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज भी सड़क चौड़ीकरण, राशन वितरण और पुल-पुलिया निर्माण को ही विकास का पैमाना माना जाता है, जबकि शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और किसानों की आर्थिक मजबूती जैसे मुद्दों पर अपेक्षित चर्चा नहीं होती। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा कैसे मिले, आम आदमी की आय कैसे बढ़े, युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार कैसे मिले और किसानों की आर्थिक स्थिति कैसे मजबूत हो, इन सवालों पर काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में न मंडी है और न पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था। ऐसे में किसानों की आय बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है। पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार की स्थिति में सुधार के लिए ठोस प्रयास जरूरी हैं। यदि खड्डा का युवा बदलाव का संकल्प ले तो क्षेत्र को विकास की नई दिशा दी जा सकती है और ‘युवाओं के सपनों का खड्डा’ बनाया जा सकता है।कार्यक्रम का संचालन मुन्ना राजभर ने किया। इस दौरान सपा नेता कैसर जमाल टीटू, सरतेज यादव, जितेंद्र यादव, दिनेश सिंह, मनोज गौतम, प्रिंस चौहान, अंगद भारती, मनोज द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।