
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
रामकोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरिया बाबू में बने बूथ संख्या 241, 242 और 243 का नायब तहसीलदार कप्तानगंज एकता त्रिपाठी ने दौरा कर मतदाता पंजीकरण अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को 18 और 19 वर्ष के युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं से फार्म-6 भरवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
तीनों बूथों की बीएलओ बबीता देवी, स्नेहलता पांडेय और कमला देवी ने बताया कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक पात्र युवा अपने मताधिकार के लिए पंजीकरण करा सकें।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार गोंड ने बताया कि गांव के युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आगे आ रहे हैं। युवाओं में मतदाता बनने को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।
इस अवसर पर हल्का लेखपाल जितेंद्र सिंह, लालाछपरा की ग्राम प्रधान संपूर्ण देवी, विजय मौर्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।