
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नवंबर में विशेष अभियान शुरू किया गया है। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने दीप प्रज्वलित कर यातायात माह का शुभारंभ किया। उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वालों पर विशेष कार्रवाई होगी।कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा मौजूद रहे। शहर के प्रमुख चौराहों को ए और बी श्रेणी में बांटकर बेहतर रिकॉर्ड वाले पुलिसकर्मियों की तैनाती महत्वपूर्ण चौराहों पर की जाएगी।डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस के प्रयासों से सड़क हादसों में मौतों में एक तिहाई से अधिक की कमी आई है। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था भी शुरू की गई है। निर्माण कार्य के कारण प्रभावित कैमरों को काम पूरा होने के बाद दोबारा चालू कराया जाएगा।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यातायात सुधार केवल पुलिस की नहीं, बल्कि आम जनता की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के नियमों का पालन करने की अपील की।