
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। यूपी कांग्रेस कार्यालय में रविवार को पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल चलने लगे। करीब 30 मिनट तक हंगामा होता रहा। बाद में सांसद प्रमोद तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह में अजय राय पहुंचे थे। इसी दौरान ममता चौधरी से उनकी कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अभद्रता के आरोप लगाए गए। हंगामे से नाराज अजय राय धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें गाली दी गई। बाद में राहुल गांधी से फोन पर बातचीत के बाद वह धरने से उठकर चले गए।ममता चौधरी ने आरोप लगाया कि अजय राय ने उन्हें ‘औकात में रहो’ कहा और उनके समर्थकों ने महिलाओं के साथ मारपीट की। उन्होंने इसे सुनियोजित घटना बताया। वहीं, अजय राय ने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से निकालने की मांग भी की।ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर की पार्षद हैं। बताया जाता है कि दोनों के बीच करीब तीन साल से विवाद चल रहा है। घटना पर उत्तर प्रदेश भाजपा ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए इसे ‘मोहब्बत की दुकान में जूतम-पैजार’ बताया।
पार्टी विरोधी काम करने वालों पर कार्रवाई हो:अजय राय
हंगामे के बाद पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया से कहा- निश्चित तौर पर कुछ ऐसे लोग हैं, जो पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।अपने कार्यकर्ताओं के मायूस होने के सवाल पर उन्होंने कहा- हमारे सभी कार्यकर्ता खुश हैं। कोई ऐसा नहीं है। यह तो समय है, जो परिवर्तनशील है। यह एक सतत प्रक्रिया है। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।
अजय राय ने कहा, औकात में रहो:ममता चौधरी
ममता चौधरी ने आरोप लगाया कि अजय राय के कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर उनके समर्थकों ने कहा, “अजय राय जी आए हैं, साइड दीजिए।” उस समय वहां महिलाएं खड़ी थीं और सभी पीछे होने लगीं। मैं भी महिलाओं को पीछे कर रही थी।तभी अजय राय अचानक पलटे और उन पर चिल्लाते हुए कहा, “औकात में रहो।” इस पर मैंने कहा, “सर, मैंने कुछ नहीं कहा है। आप मुझसे ऐसे कैसे बात कर सकते हैं? आप एक दलित महिला की औकात बताने वाले कौन होते हैं?”इसके बाद अजय राय के समर्थकों ने वहां मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट की और जूते-चप्पल चलाए। वहां 25-30 महिलाएं खड़ी थीं और पूरी घटना वीडियो में दिखाई दे रही है। ममता ने आरोप लगाया कि यह सब प्री-प्लान्ड था। जानबूझकर किया गया।