news-details

यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू, अभ्यर्थियों ने कहा- पेपर IAS-PCS स्तर का था

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Prayagraj

उत्तर प्रदेश में 42 हजार होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए शनिवार से लिखित परीक्षा शुरू हो गई। प्रदेश के 1053 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिन तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहले दिन पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षा से अधिक कठिन बताया। कुछ परीक्षार्थियों ने कहा कि पेपर का स्तर IAS-PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के समान था।

आजमगढ़ के अभ्यर्थी उमेश ने कहा कि प्रश्नपत्र काफी कठिन था। होमगार्ड भर्ती के हिसाब से पेपर बहुत टफ आया। उनका कहना था कि इससे अच्छा तो शारीरिक परीक्षा कराई जाती। वहीं कानपुर से झांसी परीक्षा देने पहुंचे त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि बेरोजगारी के कारण वह इस परीक्षा में शामिल हुए हैं।

गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज समेत कई शहरों में परीक्षा केंद्रों पर सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की रेटिना स्कैनिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़ी जांच के बाद ही केंद्रों में एंट्री दी गई। कई स्थानों पर जूते, बेल्ट, कंगन और अन्य सामान बाहर उतरवाए गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट मोड पर रही।

परीक्षा दो घंटे की है, जिसमें 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और तर्कशक्ति से जुड़े सवाल अधिक थे। कुछ परीक्षार्थियों ने पेपर को संतुलित बताया, जबकि कई ने इसे चुनौतीपूर्ण कहा।

भर्ती बोर्ड ने सोशल मीडिया पर पेपर उपलब्ध कराने के फर्जी दावों से सावधान रहने की अपील की है। ऐसे भ्रामक संदेश फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें भी चलाई हैं, ताकि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कत न हो। भर्ती परीक्षा 27 अप्रैल तक दो पालियों में जारी रहेगी।