
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर स्थित आरोहम हैप्पीनेस होम (वरिष्ठ नागरिक गृह) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। योग दिवस से पूर्व चल रहे साप्ताहिक योग कार्यक्रम के तहत आयुष चिकित्सालय बिठूर से आई टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। योग शिक्षक डॉ. खुशबू सिंह, डॉ. रेनू यादव, संध्या कनौजिया और तारावती ने बुजुर्गों को योग की विभिन्न विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा बढ़ती उम्र में होने वाली कई समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।शिविर में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। इस दौरान श्वास संबंधी अभ्यास, ध्यान और सरल योग क्रियाओं पर विशेष जोर दिया गया। संस्थान के ट्रस्टी डॉ. उमेश पालीवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने बुजुर्गों से नियमित रूप से योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।संस्थान प्रबंधन ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भी विशेष योग सत्र आयोजित किया जाएगा। साथ ही सभी वरिष्ठ नागरिकों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे बेहतर स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली अपना सकें।