
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कानपुर के बिठूर पहुंचे। यहां उन्होंने महर्षि वाल्मीकि आश्रम में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद नानाराव पेशवा पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए 411 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी और लखपति दीदी को सम्मानित किया। जनसभा में सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस समय दो मियां हैं, एक छोटे मियां और दूसरे बड़े मियां। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हें घुसपैठियों से बहुत प्यार है और ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं, जबकि दलितों, वंचितों, गरीबों और युवाओं का अपमान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए और सरकार भारतीय संस्कृति, आस्था तथा महापुरुषों के सम्मान के लिए काम कर रही है।
अखिलेश यादव पर तीखा हमला
योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें एक बार विरासत के कारण सत्ता मिल गई थी, लेकिन अब दोबारा सत्ता में आने का सपना छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, “काठ की हड़िया दोबारा नहीं चढ़ती।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जनता सपा को सत्ता से विदा कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि विरासत में एक बार गद्दी मिल सकती है, लेकिन बुद्धि हासिल करने के लिए प्रयास करना पड़ता है और जमीन पर उतरकर काम करना होता है। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि अब उन्हें न गद्दी मिलने वाली है और न ही उनकी बुद्धि में सुधार दिखाई दे रहा है।
संत रविदास नगर और धार्मिक स्थलों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संत रविदास नगर का नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान संत रविदास नगर का नाम हटाकर भदोही कर दिया गया था, जबकि उनकी सरकार ने फिर से संत रविदास नगर नाम बहाल किया। उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या और मां विंध्यवासिनी धाम में विकास के साथ धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिली है। अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखे जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के योगदान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित किया।
बिठूर विधायक ने विकास कार्यों का किया उल्लेख
जनसभा में बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास हुआ है और बिठूर क्षेत्र पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने सपा सरकार के समय भीतरगांव में हुए दंगे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान निर्दोष लोगों को जेल भेजा गया था। विधायक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले क्षेत्र की सड़कें खराब थीं और करीब 200 गांवों में बिजली की समस्या थी। उनके मुताबिक, योगी सरकार आने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने बिठूर के विकास के लिए आगे भी सहयोग और विशेष ध्यान देने की मांग रखी।मुख्यमंत्री के इस दौरे को महर्षि वाल्मीकि जयंती के धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ कानपुर में विकास परियोजनाओं की सौगात के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ विपक्षी दलों पर राजनीतिक हमले कर आगामी राजनीतिक माहौल को भी गरमा दिया।