
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संरक्षण तथा शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 3 से 7 दिसंबर 2026 तक नौबस्ता के वसंत विहार स्थित वसंत उद्यान में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, प्रवचन, विशाल भंडारा और सर्वजातीय निर्धन कन्या विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में कानपुर नगर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।आयोजन के दौरान विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें वसंत विहार और नौबस्ता के विभिन्न विद्यालयों के हजारों विद्यार्थी भारत माता एवं भारतीय संस्कृति का उद्घोष करते हुए नशा, दहेज और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संदेश देंगे। शोभायात्रा में प्रेरणादायक झांकियां भी शामिल होंगी।4 दिसंबर को प्रातःकालीन यज्ञ में पान-मसाला, शराब, गांजा और अफीम जैसे मादक पदार्थों का त्याग करने का संकल्प दिलाया जाएगा। नशा छोड़ने वाले लोगों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।6 दिसंबर को सर्वजातीय निर्धन कन्याओं के आदर्श विवाह संपन्न कराए जाएंगे। इसी दिन ‘गर्भ संस्कार’ के माध्यम से नवदंपतियों को गर्भस्थ शिशु के चरित्र, आचरण और संस्कार निर्माण के प्रति जागरूक किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण करना है।