
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गुरुवार को गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में समाज कल्याण विभाग, हेल्पेज इंडिया और वरिष्ठ नागरिक महासमिति की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुकीं लल्ली देवी, रानी कपूर और सेवानिवृत्त न्यायाधीश कमलेश्वर नाथ को शतायु सम्मान से सम्मानित किया। वहीं विनोद कुमार शुक्ल, ललित सिंह पोखरिया, इतिहासकार एवं लेखक डॉ. रवि भट्ट और डॉ. किशन वीर सिंह शाक्य को सीनियर अचीवर्स सम्मान प्रदान किया गया।असीम अरुण ने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान केवल समारोह तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी देखभाल के लिए प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं की उपलब्धता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना और माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम संचालित हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में भरण-पोषण अधिकरण गठित किए गए हैं।कार्यक्रम में वृद्धाश्रमों की सुविधाओं पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। युवाओं ने वरिष्ठजनों के सम्मान और उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार का संकल्प लिया। समारोह में समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह, हेल्पेज इंडिया के प्रदेश प्रमुख अनूप पंत और वरिष्ठ नागरिक महासमिति के अध्यक्ष श्याम पाल सिंह सहित कई अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।