
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। 82 वर्षीय रिटायर्ड साइंटिस्ट और वरिष्ठ अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी को मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नजरअंदाज कर दिया। वीडियो में दिखा कि जब अनिल रस्तोगी सम्मान लेने जा रहे थे, तभी प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी ओर हाथ बढ़ाया, लेकिन वे बिना हाथ मिलाए आगे बढ़ गए। इस पर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। बाद में अनिल रस्तोगी ने सफाई देते हुए कहा कि यह उनकी उम्र के कारण हुई अनजाने में हुई चूक थी। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान जताया। अनिल रस्तोगी कला और विज्ञान दोनों क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। वे सीडीआरआई लखनऊ में वैज्ञानिक के रूप में सेवा दे चुके हैं और कई फिल्मों, वेब सीरीज व नाटकों में अभिनय कर चुके हैं। उन्होंने 'इश्कजादे', 'मुल्क', 'रेड' और 'थप्पड़' जैसी फिल्मों में काम किया है। कला और संस्कृति में योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।