
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बाबूपुरवा निवासी एक विवाहिता की लखनऊ स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया और दहेज हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि दहेज में स्कॉर्पियो न मिलने पर ससुराल पक्ष ने विवाहिता की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।मृतका मानसी राजपूत (23) की शादी 9 दिसंबर 2024 को लखनऊ के सआदतगंज निवासी सागर राजपूत से हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी में लाखों रुपये नकद और घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी। आरोप है कि स्कॉर्पियो की मांग पूरी न होने पर मानसी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।30 मई को मानसी का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने लखनऊ पुलिस पर भी आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि मामला लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र का है और वहीं पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।