
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक डा. नीरज बोरा ने रविवार को मुख्यमंत्री त्वरित विकास योजना एवं विधायक निधि के तहत चार प्रमुख निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।इस अवसर पर डा. नीरज बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और जल निकासी व्यवस्था नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड स्थित शेरवानी नगर कॉलोनी में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य से हुई। इसके बाद फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड के केशव नगर में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। विधायक निधि से लाला लाजपत राय वार्ड के सबोली क्षेत्र में पाइप लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में वेदपुरम क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को जलभराव, खराब सड़कों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
