
PARDARSH VIKASH NEWS वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में सात बार के विश्व रिकॉर्ड विजेता हिम्मत सिंह राठौड़ पहुंचे। यहां उन्होंने हरिदासीय संप्रदाय के आचार्य स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया और आगामी अपने 8वें विश्व रिकॉर्ड के लिए मंगलकामनाएं मांगी।आश्रम में उनके आगमन पर आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने उनका परंपरागत तरीके से स्वागत किया और ठाकुर जी का प्रसादी पटका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही स्मृति चिन्ह के रूप में ठाकुर जी का चित्रपट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर महंत ने कहा कि हिम्मत सिंह राठौड़ जैसे युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।मीडिया से बातचीत में हिम्मत सिंह राठौड़ भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी सभी उपलब्धियों का श्रेय ब्रजभूमि और संतों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि संतों की कृपा से ही उन्हें लगातार सफलता मिल रही है और यही शक्ति उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।उन्होंने बताया कि वह जल्द ही अपने 8वें विश्व रिकॉर्ड की दिशा में आगे बढ़ने वाले हैं और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह नया कीर्तिमान देश को समर्पित होगा।इस मौके पर कई संत, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे और सभी ने उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।