
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक विभाग में स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने नियमित रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।इस अवसर पर तरनजीत सिंह सबसे बड़े प्रेरणास्रोत के रूप में उभरे। उन्होंने अब तक 95 बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है। वहीं एसके त्रिपाठी और विवेक सूरी 84-84 बार, अजय शंकर दीक्षित 83 बार, अमित मिश्रा 72 बार तथा डॉ. यशवंत राव 47 बार रक्तदान कर चुके हैं। महिलाओं में चरनजीत कौर और इश्मीत कौर को भी सम्मानित किया गया।ब्लड बैंक अधिकारियों ने बताया कि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के ब्लड सेंटर से अब तक 48 हजार से अधिक यूनिट रक्त और उसके अवयव जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह केंद्र थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, दुर्घटना में घायल मरीजों और गंभीर रोगियों के लिए महत्वपूर्ण जीवनरेखा बना हुआ है।कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं और स्वैच्छिक रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की गई।