
वाराणसी । विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी कबीर की ओर से शुक्रवार को नई बस्ती, रामापुरा स्थित मातृ मंदिर कन्या गुरुकुल में ‘अन्नदान – एक भोजन, एक मुस्कान’ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल में शिक्षा प्राप्त कर रहीं जरूरतमंद बच्चियों को फल, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएँ वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की सहायता करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अजय दुबे ने किया। उन्होंने गुरुकुल की संचालिका डॉ. गायत्री आर्या को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डॉ. दुबे ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और वैदिक परंपराओं के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करने का गुरुकुल का प्रयास सराहनीय है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बच्चियों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य देने की दिशा में डॉ. गायत्री आर्या का योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सेवा भावना का भी प्रतीक है। रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। गुरुकुल में लगभग 25 बच्चियाँ शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियन्स को बच्चियों की प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक ज्ञान को करीब से देखने का अवसर मिला। बच्चियों ने गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कक्षा दो की छात्रा प्रकृति आर्या, जिन्हें अपनी असाधारण स्मरणशक्ति, वैदिक मंत्रोच्चारण, संस्कृत श्लोकों के शुद्ध पाठ और सामान्य ज्ञान के कारण ‘गूगल गर्ल’ के नाम से जाना जाता है, ने भी संस्कृत श्लोकों का पाठ कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कम उम्र में उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर रोटरी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर बच्चियों को केला, सेब, संतरा सहित विभिन्न फल तथा आटा, चावल, दाल, तेल, चूड़ा, मुरमुरा, मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई। रोटरी सदस्यों ने आर्थिक सहयोग के साथ स्वयं उपस्थित होकर वितरण एवं व्यवस्थाओं में भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के संयोजक रोटेरियन अमर चंद्र अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुँचाना समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, सह-संयोजक रोटेरियन अरविंद कुमार ने सेवा कार्यों में सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से समाज के वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम में रोटेरियन अश्विनी सिंह, रोटेरियन अजय कुमार गर्ग, रोटेरियन अशोक राय, रोटेरियन पवन केशरी, रोटेरियन ऋषि उपाध्याय, रोटेरियन शशांक श्रीवास्तव, रोटेरियन सिद्धार्थ मुखर्जी, रोटेरियन देवेश कुमार लाल, रोटेरियन हर्ष गुप्ता, रोटेरियन अमर चंद्र अग्रवाल, रोटेरियन अरविंद कुमार तथा रोटेरियन इवा केतन उपाध्याय सहित क्लब के सदस्यों ने सहभागिता की। सभी सदस्यों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी कबीर के अध्यक्ष डॉ. अजय दुबे ने कहा कि “सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाना और उनके जीवन में आशा व मुस्कान लाना है।” उन्होंने गुरुकुल की संचालिका और सभी बच्चियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि क्लब आगे भी अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग करता रहेगा ।।