
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कानपुर। वार्ड-14 में नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद शालू सुनील कनौजिया का नाली-झाड़ू-कूड़ा आंदोलन रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। पार्षद और पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने हाथों में गृहकर की प्रतियां लेकर जुलूस निकाला और नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने “सफाई नहीं तो टैक्स नहीं” के नारे लगाते हुए बदहाल सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई।पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सफाई कर्मचारी नियमित रूप से क्षेत्र में नहीं पहुंचते और उनके आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने ओ ब्लॉक सब्जी मंडी, किदवई नगर की बदहाल स्थिति को लेकर भी नगर निगम पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में मंडी को केडीए से नगर निगम को हस्तांतरित किया गया था। आरोप है कि हस्तांतरण के बावजूद खाली बीटों पर पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती नहीं की गई।उन्होंने कहा कि भवन स्वामियों से लगातार टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में बेहतर सफाई व्यवस्था नहीं मिल रही। उन्होंने उच्च न्यायालय के माध्यम से टैक्स वापसी की मांग उठाने की बात कही। प्रदर्शन में सौम्या वर्मा, शर्मीला, कल्पना, रेखा देवी, मीना, मीरा, सीमा, सुमन, पूनम, रेनू, गायत्री, शशिकला, शिवानी मुल्लन और बिट्टन समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।