news-details

वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नौबस्ता पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 13 गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें 9 बाइक और 2 स्कूटी शामिल हैं। इसके अलावा कई वाहनों के पार्ट्स और इंजन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के बाद वाहनों को सीओडी नाले के पास जंगल में छिपा देते थे और बाद में उनके पार्ट्स काटकर अलग-अलग जगह बेचते थे। गिरोह का एक सदस्य वाहन चोरी करता था, जबकि अन्य आरोपी कबाड़ और पार्ट्स की बिक्री का काम संभालते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलीम (चकेरी), सानू (गंगाघाट, उन्नाव) और वाजिद बेग (जाजमऊ) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह एक दिन में कई वाहन चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता था। रविवार को पुलिस ने यशोदा नगर चौराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोका, जो भागने लगे। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। स्कूटी की जांच में वह नौबस्ता क्षेत्र से चोरी की पाई गई। जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से चोरी की कई बाइक और अन्य पार्ट्स बरामद किए। आरोपियों के पास से 7,540 रुपये नकद, खुले इंजन, पेट्रोल टंकी और अन्य वाहन पार्ट्स भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है और सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।