
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ की वीआईपी रोड पर सड़क की बदहाली और जिम्मेदार विभागों की अनदेखी के खिलाफ जाजमऊ व्यापार मंडल अध्यक्ष अखलास अहमद उर्फ सोनू ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। पुरानी चुंगी के पास करीब छह फीट गहरे गड्ढे में उतरकर उन्होंने 30 मिनट तक प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने समस्या का संज्ञान नहीं लिया।बताया गया कि सर्किट हाउस जाने वाली इस सड़क पर गड्ढा करीब चार महीने से बना था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसकी वजह से दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं हो रही थीं, जबकि कई राहगीर घायल भी हुए। अखलास अहमद ने आरोप लगाया कि नगर निगम और जल निगम समेत संबंधित विभाग समस्या के प्रति गंभीर नहीं हैं।प्रदर्शन के दौरान गड्ढे से गैस निकलने के कारण तबीयत बिगड़ने का भी उन्होंने दावा किया। साथियों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार कराया गया। इसके बाद भी उन्होंने समस्या के समाधान का फैसला किया।अखलास अहमद के अनुसार, उन्होंने करीब 12 हजार रुपये खर्च कर शनिवार रात से रविवार सुबह तक गड्ढे को भरवाया। दो ट्रॉली मिट्टी डलवाने के बाद सीमेंट और मौरंग से सड़क की मरम्मत कराई गई। उन्होंने कहा कि इससे राहगीरों को राहत मिलेगी और हादसों का खतरा कम होगा।