
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में उद्यान विभाग की जनपद स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों और प्रगति की समीक्षा की गई।एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना, पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रो इरिगेशन योजना और पीएमएफएमई योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ दिलाने तथा महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, परियोजना निदेशक ऐश्वर्य यादव, उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।