
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे तीन दिनों तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और इस दौरान उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया। बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने उसे ट्रेन से दिल्ली भेज दिया।पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी कर रही है। 15 मई को वह ट्रेन से दिल्ली जा रही थी, इसी दौरान लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर उसका परिचित युवक उसे रोककर सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अपने कमरे पर ले गया।आरोप है कि वहां पहले दिन युवक ने दुष्कर्म किया, जिसके बाद अगले दो दिनों में अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के साथ गैंगरेप किया गया। इस दौरान उसे नशे जैसा पदार्थ दिए जाने का भी आरोप है।तीन दिन बाद आरोपियों ने पीड़िता की हालत बिगड़ती देख उसे कैब से चारबाग स्टेशन पहुंचाया और ट्रेन से दिल्ली भेज दिया। वहां पहुंचकर युवती ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मामला सामने आया।पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के आनंद विहार थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और केस को आगे लखनऊ ट्रांसफर किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।पीड़िता के पिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और न्याय की गुहार लगाई है।