news-details

उन्नाव में अनियंत्रित मिनी बस पलटी, महिला यात्री की मौत, कई घायल

You can share this post!

 

उन्नाव। उन्नाव-सफीपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी मिनी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे दोस्ती नगर नहरिया और थाना गांव के बीच शारदा रिसोर्ट के सामने हुआ। बताया गया कि मिनी बस करीब 40 यात्रियों को लेकर मियागंज से उन्नाव की ओर जा रही थी। इसी दौरान उन्नाव-हरदोई-सफीपुर मार्ग पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।हादसे में कई यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक महिला यात्री को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मियागंज नगर निवासी 45 वर्षीय सबा पत्नी इसरार अहमद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सबा के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 10 वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी शामिल हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही माखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।