
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सोमवार को तेज धूप और भीषण उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। शनिवार देर रात हुई बारिश से मिली राहत कुछ ही समय में खत्म हो गई और फिर चिपचिपी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। शहर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप निकलने के कारण तापमान तेजी से बढ़ा। दोपहर में उमस बढ़ने से जरूरी काम से बाहर निकले लोग पसीने से परेशान नजर आए। गर्मी से बचने के लिए लोग पानी, छाता और गमछे का सहारा लेते दिखे।सीएसए मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार देर रात हुई 17.7 मिमी बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन धूप निकलने के बाद नमी बढ़ने से गर्मी का असर और तेज हो गया।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 30 जून तक बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। एक जुलाई से मानसून सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव की उम्मीद है। फिलहाल दिन में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है।