
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। धर्म और पहचान छिपाकर लॉ की छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा का आरोप है कि युवक ने खुद को राजदीप सिंह बताकर उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता के मुताबिक, बाद में आरोपी की वास्तविक पहचान सामने आने पर उसने उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद आरोपी लगातार उसका पीछा करने लगा और घर के बाहर पहुंचकर दबाव बनाने के साथ धमकियां देने लगा। आरोप है कि युवक की हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने कॉलेज जाना तक छोड़ दिया।परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म, पीछा करने, धमकी देने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।