
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।
कानपुर में रविवार को भारतीय दलित पैंथर ने धम्म चेतना वाहन रैली निकाली। कंपनी बाग चौराहे से नानाराव पार्क तक निकली रैली में करीब 500 से 700 लोग शामिल हुए। रैली से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और जय भीम के नारे लगाए गए। भारतीय दलित पैंथर के अध्यक्ष धनीराव बौद्ध ने हिंदू राष्ट्र को लेकर बयान देते हुए कहा कि जब तक हिंदू राष्ट्र रहेगा, तब तक जातिगत भेदभाव की भाषा भी चलती रहेगी। उन्होंने समाज में जातिगत भेदभाव से जुड़ी भाषा का उल्लेख करते हुए एससी-एसटी और पिछड़े वर्ग के आरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि इन वर्गों का कोटा पूरा नहीं किया जा रहा है।धनीराव बौद्ध ने बताया कि 20 अक्टूबर को कानपुर देहात के पुखरायां में 33वां विशाल बौद्ध धम्म दीक्षा समारोह और आंबेडकर मेला आयोजित होगा। संगठन के प्रांतीय महासचिव शैलेंद्र कुमार के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग बौद्ध धम्म की दीक्षा लेंगे। इसमें डॉ. आंबेडकर के पौत्र यशवंत राव अंबेडकर मुख्य अतिथि होंगे। संगठन के मुताबिक धम्म चेतना रैली धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस की याद और बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित की जाती है। भारतीय दलित पैंथर दो दशकसे अधिक समय से एससी-एसटी से जुड़े मुद्दों को उठाता रहा है और लावारिस शवों के अंतिम संस्कार जैसे सामाजिक कार्य भी करता है।