
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। खरीफ सीजन में धान की पैदावार का आकलन करने के लिए जिले में क्रॉप कटिंग शुरू हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बांसूपुर गांव में किसान विद्यावती देवी पत्नी रामकुमार के खेत में अपनी मौजूदगी में क्रॉप कटिंग कराई। इसमें धान की उत्पादकता 40.54 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।राजस्व एवं कृषि विभाग की टीम के साथ डीएम ने 43.03 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई कराई। इसके बाद फसल की पिटाई और वजन कराया गया, जिसमें कुल 17.550 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। क्रॉप कटिंग के आंकड़ों से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।इस दौरान डीएम ने किसानों से संवाद कर खेती और उत्पादन की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से धान सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचने की अपील की, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके। साथ ही फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पराली नहीं जलाने की सलाह दी।इस मौके पर उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार अजय जायसवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी दीपक कुमार, बीज गोदाम प्रभारी नरेंद्र कुमार, कृषि बीमा समन्वयक अरविंद कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।