
Pardarshi Vikas News Ayodhya
मिल्कीपुर, रुदौली, अमानीगंज और सोहावल सहित विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलेभर में शोभायात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं।
मिल्कीपुर क्षेत्र के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मऊघनश्यामपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक चंद्रभानु पासवान ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन शिक्षा, समता और आत्मसम्मान का संदेश देता है और समाज को न्यायपूर्ण दिशा प्रदान करता है।
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के मांगी चांदपुर ग्राम पंचायत स्थित सधारपुर गांव में विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद मुख्य अतिथि रहे। पूर्व मंत्री अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी’ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और समानता पर जोर दिया।
मुंगीशपुर स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पोस्टर, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्याम नारायण पाठक, ग्राम प्रधान उदय प्रताप गौड़ और प्रधानाचार्य डॉ. अतुल कुमार ने छात्राओं को बाबा साहेब के संघर्ष, शिक्षा और अधिकारों के संदेश से प्रेरित किया। जिलेभर में हुए आयोजनों ने सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।