
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात दहेज की अतिरिक्त मांग और दूल्हे की कथित नशे की हालत के चलते शादी मंडप तक पहुंचकर टूट गई। तिलक समारोह के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि अंततः बिना फेरे लिए ही बारात वापस लौट गई। जानकारी के अनुसार, शिवली क्षेत्र से बारात आई थी और विवाह की रस्मों से पहले तिलक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दूल्हे की ओर से बाइक और एक लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग रखे जाने का आरोप सामने आया। दुल्हन पक्ष ने इस मांग को पूरा करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।परिजनों का आरोप है कि दूल्हा नशे की हालत में था और उसने कार्यक्रम के दौरान अभद्र व्यवहार भी किया। दूल्हे की हरकतों और दहेज की मांग से नाराज होकर दुल्हन ने स्पष्ट रूप से शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले के बाद विवाह की सभी रस्में रोक दी गईं और दोनों पक्षों के बीच देर रात तक पंचायत चलती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक अधिकांश बाराती वहां से लौट चुके थे। पुलिस ने दूल्हे को गांव के पास नशे की हालत में पाया और मामले की जानकारी जुटाई।दुल्हन के पिता ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दूल्हे और उसके परिवार द्वारा पहले से ही बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूल्हा नशे की हालत में था, जिसके कारण उनकी बेटी ने शादी से इनकार किया।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और दहेज प्रथा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।