
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गोविंद नगर स्थित नंदलाल चौराहे पर जलकल जोन-5 कार्यालय के बाहर करीब दो वर्षों से लंबित सार्वजनिक पुरुष एवं महिला यूरिनल का निर्माण कार्य शनिवार से शुरू हो गया। निर्माण शुरू होने पर क्षेत्रीय व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई और इसे जनसंघर्ष की सफलता बताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले नाला निर्माण के नाम पर यहां बने सार्वजनिक यूरिनल को ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन न तो नाला बना और न ही यूरिनल का पुनर्निर्माण कराया गया। इसके चलते व्यापारियों, महिलाओं और राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों ने लगातार विभिन्न स्तरों पर शिकायतें दर्ज कराईं। जनदबाव और लगातार प्रयासों के बाद नगर निगम ने शनिवार को निर्माण कार्य शुरू करा दिया।गोविंद नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रकाश वीर आर्य ने कहा कि यह जनता की एकजुटता और निरंतर संघर्ष की जीत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर इसे आम जनता के लिए समर्पित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों, महिलाओं और राहगीरों को राहत मिल सकेगी।