
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/संग्रामपुर। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार को थाना संग्रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, सदस्य, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में पर्व के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर चर्चा की गई।थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा प्रमुख धार्मिक पर्व हैं। सभी समितियां प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रतिमाओं को लाने और विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसी भी विवाद या अनुशासनहीनता से बचने की अपील की।उन्होंने समिति सदस्यों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा। आयोजकों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।