
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। दीपावली से पहले कानपुर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने और प्रमुख मार्गों को रोशनी से जगमग करने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, केडीए, यूपीसीडा और एनएचएआई के अधिकारियों तथा ठेकेदारों के साथ बैठक कर सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ता है। ऐसे में प्रमुख मार्गों की मरम्मत समय से पूरी कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। बारिश और जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।
अस्पताल और स्कूल जाने वाले मार्गों को मिलेगी प्राथमिकता
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि अस्पतालों और स्कूलों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। इससे मरीजों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने नगर निगम को दीपावली से पहले प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय प्रमुख सड़कें पर्याप्त रोशनी से जगमग होनी चाहिए। इसके साथ ही शहर में नियमित कूड़ा उठान और कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश
बैठक में बारिश और जलभराव से क्षतिग्रस्त कई प्रमुख सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। इनमें सर्वोदय नगर का खादी ग्रामोद्योग क्षेत्र, पोस्टमार्टम हाउस से नरेंद्र मोहन सेतु, पनकी प्लांट, शताब्दी नगर रोड, पनकी रामगंगा एनक्लेव, गोपाला टावर्स से नमक फैक्ट्री चौराहा, गोविंद नगर विद्युत कॉलोनी और बर्रा साउथ सिटी से बनपुरवा पुल तक का मार्ग शामिल है। इसके अलावा भौंती-सचेंडी मार्ग, पनकी तिराहा साइट-1, मोतीझील, गुरु गोबिंद सिंह द्वार, बर्रा-2, बर्रा-8 पुल से पहले देवकी टॉकीज के आसपास के क्षेत्र और अस्पताल रोड की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मॉल रोड, कालपी रोड, जरीब चौकी, फजलगंज और संतनगर समेत अन्य क्षतिग्रस्त मार्गों को भी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
निर्धारित समय में पूरे हों सभी कार्य
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और कार्यों में अनावश्यक देरी न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि दीपावली से पहले शहर की सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। बैठक में केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, यूपीसीडा की एसीईओ दीक्षा जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।