
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। जिले के विभिन्न थाना परिसरों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सिसोलर थाने में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों और अन्य जनसमस्याओं की समीक्षा करते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में जलालपुर थाने में अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दोनों थाना समाधान दिवसों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।