news-details

थाने का घेराव और गांव में तनाव

You can share this post!


गोलू हत्याकांड में गिरफ्तारी न होने से फूटा गुस्सा

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर गांव में गोलू हत्याकांड के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को थाने का घेराव किया। गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान गांव में तनाव की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय की दुकानों का सामान बाहर फेंकने और वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी। दूसरे समुदाय की ओर से भी पंचायत की सूचना के चलते पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ गांव पहुंचे और फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।जानकारी के अनुसार 15 जून को डीसीएम चालक गोलू लापता हुआ था। 17 जून को उसका शव रूमा हाईवे के पास मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में गांव के ही इशाक समेत तीन लोगों के खिलाफ पांच हजार रुपये के लेनदेन विवाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन लगातार विरोध जता रहे हैं।इससे पहले भी परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान की जा रही है। एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने कहा कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

गांव की शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए थे। इसमें भीड़ द्वारा दुकानों में तोड़फोड़ करते हुए देखा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीड़ में अधिकांश लोग बाहरी थे। ग्राम प्रधान से तहरीर लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही मामले में गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।-डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता