
शादी, 55 लाख की बाइक और धर्म परिवर्तन के आरोप से मचा हड़कंप
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। थाईलैंड की महिला अपसॉर्न ने कानपुर के टेनरी कारोबारी मो. इरफान पर शादी के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर इरफान को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसने कारोबारी को दो महंगी स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए करीब 55 लाख रुपये दिए थे। इसके अलावा अन्य खर्च और उधारी मिलाकर बड़ी रकम देने की बात भी कही है। अपसॉर्न के मुताबिक, कारोबार के सिलसिले में थाईलैंड आने-जाने के दौरान उसकी इरफान से मुलाकात हुई थी। दोनों करीब चार साल रिलेशनशिप में रहे और दो साल पहले थाई रीति-रिवाज से शादी की। महिला का आरोप है कि शादी के बाद जब उसने साथ रहने की बात कही तो इरफान ने इस्लाम धर्म कबूल करने और बुर्के में रहने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित तौर पर मारपीट की गई और उसके पैसे वापस मांगने पर टालमटोल शुरू कर दी।महिला ने पुलिस को बताया कि उसने इरफान के दो जन्मदिन पर 21 लाख और 34 लाख रुपये की स्पोर्ट्स बाइक खरीदने के लिए पैसे दिए थे। उसने आरोप लगाया कि इरफान बाद में संपर्क से बचने लगा और फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया। महिला सोमवार को कानपुर पहुंची और शिकायत लेकर पुलिस अधिकारियों से मिली।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं इरफान की मां ने महिला के आरोपों को गलत बताते हुए बेटे को ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है।

थाई महिला द्वारा लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। मेरे बेटे को पैसों के लिए फंसाया जा रहा है और लंबे समय से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। इरफान ने हमें बताया था कि कारोबार में उसे काफी नुकसान हुआ है, जिसके बाद परिवार ने भी उसकी मदद के लिए पैसे दिए थे। महंगी बाइकों के बारे में भी हमें जानकारी थी और उसने बताया था कि ये उसकी कमाई से खरीदी गई हैं। थाईलैंड जाने को लेकर उसके पिता उसे पहले ही मना करते थे। हमें पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। अब जो भी सच्चाई है, वह जांच में सामने आ जाएगी और हमें न्याय की उम्मीद है।-इरफान की मां
आरोपी मो. इरफान के खिलाफ पीड़िता अपसॉर्न की तहरीर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने, मारपीट, धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।-डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव