तमकुहीराज में 31 अक्टूबर से राष्ट्रीय रॉकेट्री कप
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। तमकुहीराज में 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक राष्ट्रीय स्तर की ‘इन-स्पेस नारायणी रॉकेट्री कप-2026’ प्रतियोगिता आयोजित होगी। नारायणी नदी के तट पर होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देशभर के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों की 76 छात्र टीमें हिस्सा लेंगी। देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने पथिक निवास में प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी।प्रतियोगिता में 48 टीमें कैनसेट और 28 टीमें मॉडल रॉकेट्री श्रेणी में भाग लेंगी। इसमें करीब 608 विद्यार्थी और 150 शिक्षक एवं मेंटर शामिल होंगे। आयोजन इन-स्पेस, श्रीनारायणी साइंस डेवलपमेंट फाउंडेशन, प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रतियोगिता से पूर्वांचल के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीक और नवाचार का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। विद्यार्थी रॉकेट निर्माण, डिजाइन, पेलोड और मिशन प्रबंधन जैसी गतिविधियों से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक कृषि, मौसम पूर्वानुमान और फसल निगरानी में भी उपयोगी है।इन-स्पेस के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने इसे भविष्य के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को तैयार करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं, प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने कहा कि इससे विद्यार्थियों में अनुसंधान और विज्ञान आधारित शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी। आयोजन से क्षेत्र में वैज्ञानिक सोच और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।