
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। तमकुहीराज क्षेत्र में नारायणी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच गुरुवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने चैनपट्टी ततवा टोले के पास टूटे एपी तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंध की स्थिति और चल रहे मरम्मत कार्यों की जानकारी लेकर अधिकारियों को टूटे हिस्से को युद्धस्तर पर जल्द बंद कराने के निर्देश दिए।मंत्री ने कहा कि मरम्मत के लिए आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही तटबंध और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।निरीक्षण के बाद मंत्री ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। ग्रामीणों ने आवागमन और खाद्य सामग्री से जुड़ी समस्याएं बताईं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन परिवारों को अब तक राशन सामग्री नहीं मिली है, उन्हें जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पका-पकाया भोजन जरूरतमंदों तक समय से पहुंचाने और वितरण व्यवस्था सुचारु रखने को भी कहा। उन्होंने ग्रामीणों से बाढ़ संबंधी समस्याओं की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।