
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के ब्लू वर्ड चौराहे के पास गुरुवार को ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों और धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से पहले तेज चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं, जिसके बाद अचानक आग भड़क उठी। आग पास में बनी तीन झोपड़ियों तक पहुंच गई। झोपड़ियों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, राशन और अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना में गरीब परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।सचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों का कहना है कि समय रहते दमकल टीम नहीं पहुंचती तो आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी।अशोक कुमार सरोज ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आग लगने से आसपास की झोपड़ियां भी चपेट में आ गई थीं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।