
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। शहर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद केस्को ने ट्रांसफार्मरों को ओवरहीट होने से बचाने के लिए बिजली उपकेंद्रों पर कूलर लगाने शुरू कर दिए हैं। केस्को अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल शहर के 25 उपकेंद्रों पर कूलर लगाए जा चुके हैं। अगले दो दिनों में पुराने कूलरों की मरम्मत कर इनकी संख्या बढ़ाकर 50 करने की तैयारी है। विभाग का कहना है कि बढ़ती गर्मी और बिजली खपत के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड लगातार बढ़ रहा है।केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि 33 केवी ट्रांसफार्मरों की तापमान सहन क्षमता करीब 85 डिग्री सेल्सियस होती है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इन्हें 65 डिग्री पर सेट किया जाता है। तापमान सीमा पार करते ही ट्रांसफार्मर ट्रिप कर जाते हैं, जिससे बड़े फॉल्ट और आग जैसी घटनाओं का खतरा कम हो जाता है।गर्मी बढ़ने के साथ एसी, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों के इस्तेमाल में तेजी आई है, जिससे बिजली की मांग बढ़ गई है। केस्को ने उपकेंद्रों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है ताकि किसी भी फॉल्ट को तुरंत ठीक किया जा सके।