तार पर लटकती बेल से बालक को करंट
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के राजापुर अमेरुवा जरौटा ग्राम सभा के बरईन का पुरवा में रविवार को बिजली के तारों पर लटक रही गिलोय की बेल की चपेट में आने से एक बालक को हल्का करंट लग गया। करंट लगने से बालक सड़क पर गिर पड़ा। हालांकि वह बाल-बाल बच गया और अब स्वस्थ बताया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में विद्युत लाइनों पर गिलोय की बेल और पेड़-पौधों की डालियां लटक रही हैं। इससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) से ग्राम सभा में विद्युत लाइनों का सुरक्षा निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर पेड़-पौधों और लताओं की सुरक्षित छंटाई कराने की भी अपील की।ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी विभाग पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से बिजली के तारों से दूरी बनाए रखने और स्वयं तारों के पास जाकर पेड़-पौधों की छंटाई नहीं करने की अपील की।