news-details

तारुन गैस एजेंसी पर KYC और बुकिंग का दबाव, 2627 सिलेंडर लंबित

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Ayodhya

तारुन क्षेत्र स्थित मनीष इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी पर इन दिनों केवाईसी प्रक्रिया और लंबित गैस बुकिंग के कारण भारी दबाव बना हुआ है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता केवाईसी अपडेट कराने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे परिसर में लगातार भीड़ देखी जा रही है।

एजेंसी संचालक मनीष शरण ने बताया कि वर्तमान में 2627 उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग लंबित है, जिनकी आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जानी है। उन्होंने बताया कि एजेंसी पर आने वाले करीब 90 प्रतिशत लोग केवाईसी अपडेट कराने पहुंच रहे हैं, जबकि लगभग 1100 उपभोक्ताओं का बैकलॉग भी बना हुआ है।

संचालक के अनुसार, कई बार उपभोक्ता बुकिंग कराने के बाद सिलेंडर नहीं लेते, जिससे बुकिंग निरस्त करनी पड़ती है और वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है। उज्ज्वला योजना के कुछ लाभार्थियों में भी ऐसी स्थिति सामने आई है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। आश्वासन दिया गया कि गैस का लोड उपलब्ध होते ही सभी लंबित बुकिंग का निस्तारण किया जाएगा और होम डिलीवरी से सिलेंडर पहुंचाए जाएंगे।

जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी और वितरण कार्य में तेजी लाई जा रही है। जल्द ही व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।