
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने और हर घर तिरंगा अभियान के तहत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर दक्षिण जिले की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा में 100 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा कानपुर-सागर राजमार्ग देशभक्ति के रंग में नजर आया।यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और भारतीय सेना के जवानों के सम्मान में नारे लगाए। यात्रा के दौरान राष्ट्रप्रेम और देश की एकता का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की।अभाविप के प्रांत सहमंत्री मयंक पासवान ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा युवाओं की राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति उनके सम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा उन लोगों के साथ है जो वंदे मातरम् का सम्मान करते हैं, भारत माता की जय बोलते हैं और भारतीय सेना के जवानों का सम्मान करते हैं।जिला संयोजक प्रभात शर्मा ने कहा कि यह केवल तिरंगा यात्रा नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्रहित, देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।यात्रा में जेडी फिजिकल एकेडमी के निदेशक धर्मेंद्र, अभाविप नगर मंत्री वैभव, प्रथम, नगर सह मंत्री अनुज, धनराज, यश, तन्मय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।