
कानपुर वीरों की धरती : डॉ. महेंद्र सिंह
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले भाजपा कानपुर उत्तर जिले की ओर से गुरुवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में यात्रा फूलबाग चौराहे से घंटाघर स्थित भारत माता की प्रतिमा तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ताओं ने कदमताल की। फूलबाग से घंटाघर तक जगह-जगह व्यापारियों, स्थानीय निवासियों और आम नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का उत्साह बढ़ाया। यात्रा का संयोजन भाजपा कानपुर उत्तर जिले के महामंत्री अभिनव दीक्षित ने किया। घंटाघर स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष आयोजित सभा को भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश प्रभारी एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कानपुर वीरों की धरती और शहीदों की जननी है। स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रनिर्माण में कानपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने श्यामलाल गुप्त ‘पार्षद’ के प्रसिद्ध गीत ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’ का स्मरण करते हुए कहा कि यह गीत आज भी लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाता है।उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा में उमड़ी भीड़ ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रदर्शित किया।यात्रा में प्रमुख रूप से विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी सलिल विश्नोई, सुरेश अवस्थी, डॉ. रोहित सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सहसंयोजक सीमा, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, पारस मदान, आशीष बाजपेई, जन्मेजय सिंह, किरन तिवारी, शालिनी कटियार, मोनेन्द्र राजपूत, रीता पासवान, विनोद पाल, सुरेंद्र गुप्ता, वास्ते त्रिपाठी, राधा सैनी, परमानंद शुक्ला, सुरेश गुप्ता, जिशान अहमद, मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे, अनंत मिश्रा, दीपक शुक्ला सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा कानपुर उत्तर जिले के महामंत्री अभिनव दीक्षित ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रध्वज लेकर चलना नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले कानपुर में निकली इस विशाल यात्रा में जिस तरह हजारों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया, वह देश के प्रति लोगों के समर्पण को दर्शाता है। तिरंगा हमारे गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रध्वज का सम्मान करने और देशहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। — अभिनव दीक्षित, महामंत्री, भाजपा कानपुर उत्तर