
Pardarshi Vikas News Kanpur
टैपको मजदूरों ने मजदूर नेता रामप्रसाद के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा। मजदूरों ने बकाया भुगतान और मासिक पेंशन बढ़ाने की मांग उठाई।
मजदूरों का कहना है कि वर्ष 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में बिना नोटिस टैपको को बंद कर दिया गया था। तब से मजदूरों को केवल 800 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है, जो मौजूदा महंगाई में बेहद कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसदों और विधायकों के वेतन-भत्ते बढ़ते रहे, लेकिन मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी की गई।
मजदूरों ने कहा कि बकाया भुगतान, ग्रेच्युटी, एरियर और फंड तक नहीं दिया गया। श्रमिक कॉलोनी एलनगंज भी खाली करा ली गई, लेकिन मजदूरों को उनका हक नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि 650 मजदूरों में से 70 से 80 मजदूरों की भुखमरी और तंगी से मौत हो चुकी है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल ही में कानपुर सांसद रमेश अवस्थी के आवास पर भी ज्ञापन दिया गया था। सांसद के प्रतिनिधि ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 25 तारीख को आंदोलन की भावी रणनीति तय की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में इकबाल हुसैन, सुंदर लाल, मनोज त्रिवेदी, रमेश सिंहवानी, बाबा रामदेव, कामिनी कमल, आशा शुक्ला, सरोजनी कुरील, सोनू भारतीय समेत कई लोग शामिल रहे।